सोशल मीडिया में वायरल खबर के बाद आबकारी टीम ने की जांच, अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत पर कार्रवाई
दुर्ग। जिले में अवैध शराब बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर विभाग की टीम ने सोशल मीडिया में वायरल खबर की जांच करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

31 नग देशी मदिरा मसाला के पाव बरामद
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 31 नग देशी मदिरा मसाला के पाव बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी अधिक कीमत पर शराब बिक्री की खबर
बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक खबर प्रसारित हुई थी, जिसमें जवाहर नगर भिलाई स्थित देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान, बसंत विहार भिलाई के पास एक व्यक्ति द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचने की जानकारी दी गई थी।

स्थानीय लोग इस शराब दुकान को आम बोलचाल की भाषा में “कचरा भट्ठी” के नाम से भी जानते हैं।

आबकारी विभाग ने तत्काल शुरू की जांच
सोशल मीडिया पर खबर सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके पास से 31 पाव देशी शराब बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








