स्टेट जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, उतई से पकड़कर रायपुर मुख्यालय ले जाया गया आरोपी
दुर्ग। राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग ने टैक्स चोरी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के उतई निवासी स्टील कारोबारी विजय यादव को गिरफ्तार किया है। कारोबारी पर करीब 10 करोड़ रुपये की कथित टैक्स चोरी का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए रायपुर स्थित स्टेट जीएसटी मुख्यालय ले जाया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, विजय यादव आयरन और स्टील स्क्रैप के कारोबार से जुड़ा हुआ है। उसका व्यापार रायपुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में संचालित होने की जानकारी सामने आई है। स्टेट जीएसटी विभाग काफी समय से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था।

जांच के दौरान अधिकारियों को टैक्स भुगतान और व्यापारिक लेन-देन में कई कथित अनियमितताओं के संकेत मिले। इसके बाद विभाग ने साक्ष्य एकत्र कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उतई क्षेत्र से कारोबारी को गिरफ्तार किया।

स्टेट जीएसटी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान टैक्स चोरी से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है। विभाग को यह भी आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर टैक्स चोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा हो सकता है।
फिलहाल अधिकारियों की टीम कारोबारी के वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और व्यापारिक गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










