48 घंटे में 83.840 लीटर महुआ शराब जब्त, आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए रायगढ़ पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले 48 घंटों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.840 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई है। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा, कोतरारोड़ और जूटमिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा। छापेमारी के दौरान कुल 83.840 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई।

गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









