नाबालिगों की ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की कड़ी नजर

रायपुर। बच्चों की सुरक्षा और सड़क हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस ने स्कूलों के बाहर विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के यातायात विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में नाबालिगों के वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पिछले छह दिनों में कुल 209 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस स्कूलों के आसपास विशेष रूप से निगरानी रख रही है ताकि नाबालिगों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। ऐसा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।









