शाम के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने, नशाखोरी और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती की मांग
भिलाई। नेहरू नगर व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सुपेला थाना के नवपदस्थ थाना प्रभारी एस.एम. सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान संघ ने वार्ड क्रमांक-4, नेहरू नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक सुझाव पत्र भी सौंपा।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और साड़ा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। खुले में शराब सेवन, धूम्रपान और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
थाना प्रभारी एस.एम. सिंह ने व्यापारी संघ द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग और नियमित निगरानी के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।
व्यापारी संघ के सह सचिव हर्ष चंदेल एवं कार्यकारिणी सदस्य राजू साहू ने मांग रखी कि शाम और देर रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए तथा खुले में नशा करने वालों और यातायात बाधित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, ओल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के सदस्य सम्मुख राव ने पूर्व में तैयार किए गए पेट्रोलिंग रूट चार्ट को पुनः उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, ताकि संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त सुनिश्चित हो सके।
अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि व्यापारी संघ पुलिस प्रशासन को वार्ड-4 क्षेत्र का रूट चार्ट उपलब्ध कराएगा, जिससे गश्त अधिक प्रभावी हो सके और किसी भी संवेदनशील क्षेत्र की अनदेखी न हो। संघ ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
बैठक में व्यापारी संघ की ओर से अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, महासचिव जगदीश आहूजा, सह सचिव हर्ष चंदेल, कार्यकारिणी सदस्य एस. कुंडु, राजू साहू तथा साड़ा ओल्ड शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सदस्य सम्मुख राव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









