एक आरोपी गिरफ्तार, तीन विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में; हथियार और लूटी गई नगदी बरामद
दुर्ग। दुर्ग जिले में कांग्रेस नेता एवं सरपंच पति प्रकाश सिंह कश्यप की लूट के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, लोहे का पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी भी बरामद कर ली है।
शंकराचार्य अस्पताल जाते समय हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को ग्राम तुमाकला निवासी चोवाराम लोधी ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिचित भूषण पटेल और कांग्रेस नेता एवं सरपंच पति प्रकाश सिंह कश्यप के साथ शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। देर रात करीब दो बजे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
लूट का विरोध करने पर किया जानलेवा हमला
आरोपियों ने लूटपाट के दौरान प्रकाश सिंह कश्यप पर धारदार हथियार, पाइप और डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कश्यप को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया।
हथियार, बाइक और लूटी गई नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा तथा लूटी गई नगदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।








