दो आरोपी गिरफ्तार, सोने के जेवर और नगदी बरामद
धमतरी। धमतरी पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सोने की चैन, सोने की अंगूठी और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना सामने आने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। इस दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी चोरी के जेवरात बेचने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं से भी संबंध है या नहीं।








