अनियंत्रित कार ने वैगनआर और ई-रिक्शा को भी लिया चपेट में, बच्ची की हालत गंभीर
रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का खतरनाक रूप एक बार फिर सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कंकालीपारा मेन रोड पर मंगलवार शाम करीब छह बजे एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही सात वर्षीय बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। बच्ची को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खड़ी एक वैगनआर कार तथा एक ई-रिक्शा से भी जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायल बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार निगरानी रख रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







