गतौरी के पास हुई घटना से क्षेत्र में आक्रोश, चालक वाहन समेत फरार
बिलासपुर। बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर गतौरी के पास बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि 9 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नन्हा बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों के साथ गौसेवकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन बिलासपुर की ओर से तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद करीब 10 गौवंश अचानक वाहन की चपेट में आ गए। वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कई गौवंशों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक 9 गौवंशों की मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल बछड़े को बचाने के प्रयास किए गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों और गौसेवकों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







