नरहरपुर वन परिक्षेत्र में दहशत, वन विभाग ने रेस्क्यू की तैयारी शुरू की
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मादा भालू के हमले से दहशत का माहौल है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का वातावरण है।
जानकारी के अनुसार, भालू के हमले में घायल ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
वन विभाग की टीम मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की है।
मादा भालू के रेस्क्यू की तैयारी
वन विभाग ने बताया कि मादा भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों की मदद से उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आगे किसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।
वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।







