अटल टिंकरिंग लैब का हुआ शुभारंभ, विद्यार्थियों में बढ़ेगी वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता
नारायणपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय, नारायणपुर में नवोदय स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर नम्रता जैन ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, विद्यालय के प्राचार्य के. कमलापादम, पालक-शिक्षक परिषद के अध्यक्ष चंद्रभान सहारे सहित अन्य सदस्य एवं विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
विद्यार्थियों को मिलेगा नवाचार का मंच
अटल टिंकरिंग लैब के शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रयोग और नवाचार के जरिए वास्तविक रूप देने का अवसर मिलेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य के. कमला पादम के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवोदय विद्यालयों की स्थापना में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और पालकों की सहभागिता रही।









