चार महीने से फरार था आरोपी, लूटा गया रियलमी मोबाइल पुलिस ने किया बरामद
कोरबा। कोरबा पुलिस ने युवती से मारपीट कर मोबाइल फोन लूटने के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
रेलवे क्रॉसिंग के पास दिया वारदात को अंजाम
मामला 30 मार्च 2026 की रात का है। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय कुमारी पूनम राय, निवासी पंप हाउस, बाल विहार स्कूल के पास, अपना काम खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। रात करीब 9:30 बजे जब वह बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचीं, तभी रेलवे लाइन की तरफ से एक अज्ञात युवक उनके पास आया।
आरोप है कि युवक ने अंधेरे का फायदा उठाकर युवती को रेलवे पटरी की ओर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी युवती का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। करीब चार महीने तक फरार रहने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से लूटा गया रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।








