कानून व्यवस्था और लंबित मामलों की हुई समीक्षा, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
कोण्डागांव। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला पुलिस कार्यालय में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने की। इसमें जिले के राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
अपराध और लंबित मामलों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, प्राप्त शिकायतों, विवेचना की प्रगति और पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों के जल्द निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
एसपी पंकज चन्द्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों से प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी मामले में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
अपराध नियंत्रण पर रहे विशेष फोकस
बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और गंभीर मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।







