दोनों हाथों की कलाइयों में आई गंभीर चोट, क्लब संचालक के खिलाफ FIR
रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित FTV क्लब में शनिवार देर रात हादसा हो गया। क्लब परिसर में अचानक लोहे की रेलिंग टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों हाथों की कलाइयों में गंभीर चोटें आई हैं।
दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम नगर फेस-01 निवासी विकास अग्रवाल शनिवार देर रात अपने दोस्तों के साथ वीआईपी रोड स्थित FTV क्लब में खाना खाने और पार्टी करने पहुंचे थे। इसी दौरान क्लब परिसर में लगी लोहे की रेलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई। रेलिंग की चपेट में आने से विकास अग्रवाल घायल हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे के बाद घायल युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने क्लब संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रेलिंग किस वजह से गिरी और क्या क्लब प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरती गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद क्लबों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस क्लब परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और रेलिंग की स्थिति की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








