सड़क पर बैठे मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई बाइक, सामने से आ रहे मिट्टी तेल टैंकर से भिड़ी
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कवर्धा थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मवेशी से टकराई बाइक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से कवर्धा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिंघनपुरी के पास सड़क पर बैठे एक मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे मिट्टी तेल के टैंकर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर मौत
बाइक और टैंकर के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मृतकों की पहचान क्या है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।







