हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिला शव, पेड़ से लटकी रस्सी ने बढ़ाया रहस्य
भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल पर मृतक का सिर नहीं मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गूकोंदल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पेड़ से लटकी मिली रस्सी
घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई भी मिली है। वहीं शव का सिर नहीं मिलने के कारण मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव यहां कैसे पहुंचा।
कई एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। सिर की तलाश के साथ-साथ मृतक की पहचान और घटना से जुड़े संभावित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








