दो पक्षों में जमकर मारपीट, टांगी-रॉड और डंडे से हमला; पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम समनिया में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान टांगी, रॉड और डंडे से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए।
दो साल से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, ग्राम समनिया निवासी सहदेव सक्सेना (22) ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले परदेशी बघेल के परिवार के साथ जमीन और रास्ते को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि यह विवाद पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है।
विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट
पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से टांगी, लोहे की रॉड और डंडों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। घटना में दोनों पक्षों के चार लोगों को चोटें आई हैं।
14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की शिकायत मिलने के बाद कापू पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।








