कंबल छीनने और खुले में पेशाब करने को लेकर हुआ विवाद, पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के डागा बिल्डिंग के पास हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को सिटी कोतवाली पुलिस और ACCU/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतक के बीच कंबल छीनने और खुले स्थान पर पेशाब करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास पड़े पत्थर से युवक के सिर पर हमला कर दिया।
वारदात के बाद नागपुर भागा आरोपी
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए वह रायपुर से निकलकर नागपुर तक पहुंच गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी और उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही थी।
संयुक्त टीम ने दबोचा
सिटी कोतवाली पुलिस और ACCU/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








