पुलगांव चौक में मामूली विवाद के बाद हुई सनसनीखेज घटना, पुलिस ने कार जब्त की
दुर्ग। पुलगांव चौक में मामूली विवाद के बाद एक युवक को कार से टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया है।
पान ठेले के पास हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना पुलगांव चौक स्थित एक पान ठेले के पास हुई। पोटिया चौक निवासी प्रार्थी अपने दोस्तों भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद के साथ वहां खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 ने मनीष गैरेज में काम करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
टक्कर लगने के बाद विजय वैष्णव और कार चालक के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद कार चालक ने युवक को कार से टक्कर मार दी और उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
BNS की धारा 109(1) में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच आगे जारी रखी है।








