ओडिशा के सुंदरगढ़ में दर्दनाक हादसा, 20 से अधिक मजदूर घायल
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में धान की रोपाई करने गई महिला मजदूरों के साथ मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम करने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
खेत में रोपाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना क्षेत्र के बालिशंकरा स्थित भाटीपाड़ा में हुआ। महिला मजदूर खेत में धान की रोपाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और खेत में बिजली गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
बिजली गिरने की घटना में कई मजदूर झुलसकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से घायलों को तत्काल सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल में रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे में जशपुर जिले की दो महिला मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया। रोजगार के लिए दूसरे राज्य गईं मजदूर महिलाओं के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी जुटाने और पीड़ित परिवारों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है।







