चरोदा पीपी यार्ड में CBI की दबिश, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी से पूछताछ
दुर्ग। रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित चरोदा पीपी यार्ड में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। ठेकेदार के रनिंग बिल पास करने के एवज में कथित तौर पर मोटी रकम मांगने की शिकायत के बाद CBI की टीम ने गुरुवार देर शाम सीनियर DME अनमोल उइके के कार्यालय में दबिश दी। टीम देर रात तक कार्यालय में जांच करती रही।
दिल्ली CBI को मिली थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, सीनियर DME अनमोल उइके के खिलाफ दिल्ली CBI को शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रेलवे में कॉन्ट्रैक्टर के रनिंग बिल पास करने के बदले कथित तौर पर रकम की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की।
आठ अधिकारियों की टीम पहुंची भिलाई
बताया जा रहा है कि CBI के करीब 8 अधिकारियों की टीम गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे भिलाई पहुंची। टीम दिल्ली पासिंग वाहनों से चरोदा पीपी यार्ड पहुंची और सीधे सीनियर DME के कार्यालय में जाकर कार्रवाई शुरू की।
दस्तावेजों की जांच और पूछताछ जारी
CBI अधिकारियों ने सीनियर DME अनमोल उइके से पूछताछ की और उनके कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों तथा संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई देर रात तक जारी रही। हालांकि, जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज मिले और मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल CBI की कार्रवाई शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के तौर पर देखी जा रही है। मामले में गिरफ्तारी या किसी अन्य कार्रवाई को लेकर CBI की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








