होटल के कमरे से आई चीखने की आवाज, खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचे कर्मचारी; युवती की अस्पताल में मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित होटल बंसल पैराडाइज में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार होटल के कमरे में ठहरे युवक ने कथित तौर पर युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने भी चाकू से अपने गले पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक का मेकाहारा अस्पताल में इलाज जारी है।
होटल के कमरे में ठहरे थे युवक-युवती
पुलिस के मुताबिक घटना 14 अगस्त 2026 को झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज में हुई। युवक और युवती होटल के तृतीय तल स्थित एक कमरे में ठहरे हुए थे। दोनों ने होटल में पहचान पत्र जमा कर चेक-इन किया था।
युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज (26), पिता राजेंद्र प्रसाद भारद्वाज, निवासी दशवंतपुर गोसाईंपुर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं मृतका की पहचान रिमन मंडावी, निवासी तारमटोला, जिला मोहला-मानपुर, थाना अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के रूप में हुई है।
कमरे से आई युवती के चीखने की आवाज
पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे से 3:15 बजे के बीच होटल कर्मचारियों ने कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनी। कर्मचारी जब कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने खिड़की तोड़कर अंदर देखा।
अंदर युवक चाकू से अपने गले पर वार करता हुआ दिखाई दिया। होटल प्रबंधन ने तत्काल गंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
युवती लहूलुहान हालत में मिली
पुलिस ने कमरे के अंदर पहुंचकर देखा तो युवती लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ी थी। वहीं युवक भी गंभीर रूप से घायल मिला। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक का उपचार शुरू किया गया और उसका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। होटल के कमरे की जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस घटना को आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता युवक के स्वास्थ्य में सुधार के बाद पूछताछ से चल सकेगा।
पुलिस दोनों के बीच संबंध, होटल आने से पहले किसी विवाद और घटना के पीछे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








