चलती कार से गिरने से मौत की प्रारंभिक जानकारी, कार चालक की तलाश जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। AIIMS अस्पताल के सामने एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
विवाद के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक और एक युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान युवक के चलती कार से गिरने की बात सामने आई है। गंभीर चोट लगने के बाद युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान परम सिंह उर्फ गुलाब (32 वर्ष), निवासी मोहबा बाजार, रायपुर के रूप में हुई है।
युवती हिरासत में, चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, कार चालक युवक की तलाश की जा रही है।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








