करीब एक महीने से फरार थे आरोपी, पुलिस ने डंडे और बाइक की जब्त
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दीवार से सटाकर मकान बनाने को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मकान निर्माण को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, मामला बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी का है। यहां मकान निर्माण के दौरान दीवार से सटाकर घर बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एक राय होकर पीड़ित और उसके पिता के साथ मारपीट कर दी।
जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने पीड़ित पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी करीब एक महीने से फरार चल रहे थे।
बांस का डंडा और बाइक जब्त
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे और बाइक को भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।








