पत्नी के बिना बताए घर से जाने को लेकर हुआ विवाद, आरोपी पति गिरफ्तार
गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गौरेला थाना क्षेत्र की खोडरी चौकी अंतर्गत ग्राम केंवची में चरित्र शंका और पत्नी के बिना बताए घर से चले जाने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया।
डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या
जानकारी के मुताबिक, 49 वर्षीय नन्दलाल बैगा ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी बिरसिया बाई पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर मारपीट के चलते महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोपी ने बेटे को जगाकर दी घटना की जानकारी
वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद अपने बेटे को जगाया और उसे घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नन्दलाल बैगा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।








