अच्छे आचरण और जेल में अनुशासन के आधार पर लिया गया फैसला
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने जेलों में उम्रकैद की सजा काट रहे 101 बंदियों को बड़ी राहत दी है। राज्य की पांच केंद्रीय जेलों से इन बंदियों को तय प्रक्रिया के तहत समय से पहले रिहा किया जा रहा है।
अच्छे आचरण के आधार पर मिली रिहाई
जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता के मुताबिक, बंदियों की समयपूर्व रिहाई उनके अच्छे आचरण, जेल में अनुशासन और व्यवहार को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किया गया है।
94 बंदी जेल से बाहर निकले
जेल विभाग के अनुसार, 13 और 14 अगस्त को कुल 94 उम्रकैदियों को रिहा किया जा चुका है। वहीं बाकी बचे 7 बंदियों की रिहाई 17 और 18 अगस्त को की जाएगी।
पांच केंद्रीय जेलों से कुल 101 बंदियों की रिहाई
निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ की पांच केंद्रीय जेलों से कुल 101 उम्रकैदी समय से पहले रिहा हो जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सरकार के इस फैसले से लंबे समय से सजा काट रहे इन बंदियों को बड़ी राहत मिली है।







