फेसबुक विज्ञापन के जरिए रिटायर्ड BSP कर्मचारी को बनाया निशाना, भिलाई नगर पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी से 45 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मामले में भिलाई नगर पुलिस ने एक आरोपी को मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
फेसबुक विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के मुताबिक, भिलाई नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी ने 10 मार्च 2026 को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग संस्था का प्रतिनिधि बताते हुए निवेश पर अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिया।
निवेश के नाम पर लाखों रुपये ट्रांसफर
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग चरणों में बड़ी रकम उनके बताए खातों में ट्रांसफर कर दी। बाद में जब पीड़ित को अपने निवेश और कथित मुनाफे की रकम वापस नहीं मिली, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
बैतूल से आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे मध्यप्रदेश के बैतूल से गिरफ्तार किया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका, ठगी की पूरी रकम और पैसों के लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।








