‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि में से 27,070 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी यूट्यूब से साइबर अपराध के तरीके सीखकर लोगों को बैंक लोन का झांसा देता था और उनसे धोखाधड़ी करता था।
आसान किस्तों में बड़ा लोन दिलाने का देता था लालच
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, थाना डबरा, जिला सक्ती तथा वर्तमान निवासी रिस्दी, थाना बालको के रूप में हुई है। आरोपी लोगों को कम दस्तावेज और आसान मासिक किस्तों पर बड़ी राशि का लोन दिलाने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाता था।
दूसरों के नाम पर जारी करवाता था सिम कार्ड
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विभिन्न लोगों को अपने प्रभाव में लेकर उनके नाम पर सिम कार्ड जारी करवाता था। बाद में उन्हीं सिम कार्डों का उपयोग साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने में करता था। पुलिस के मुताबिक, ठगी के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए वह इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड नष्ट कर देता था।
पहले भी कर चुका है ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2023 में भी उसने एक व्यक्ति को लोन दिलाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये की ठगी की थी। आरोपी लंबे समय से इस तरह की धोखाधड़ी में संलिप्त था और अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
महिला व्यवसायी से 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का किया था वादा
पुलिस के अनुसार हालिया मामले में 22 जून 2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक में व्यवसाय करने वाली महिला नोनी बाई यादव को निशाना बनाया। उसने महिला को 11 हजार रुपये मासिक किस्त पर 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया और इसी बहाने उससे रकम ऐंठ ली।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
साइबर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और ठगी के संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर लोन या अन्य वित्तीय सेवाओं के नाम पर पैसे जमा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









