ग्राम बगिया पहुंचकर प्रगति का लिया जायजा, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम बगिया में संचालित समृद्धि कमांड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन आधुनिकीकरण (एम-कैड) योजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
17 किलोमीटर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि एम-कैड योजना के तहत अब तक 17 किलोमीटर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। परियोजना के शेष कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं और उन्हें निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंप हाउस निर्माण के लिए शुरू हुई तैयारी
परियोजना के अंतर्गत पंप हाउस निर्माण के लिए ले-आउट तैयार करने और खुदाई का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को मिलेगा बेहतर सिंचाई प्रबंधन का लाभ
एम-कैड योजना का उद्देश्य जल संसाधनों का बेहतर उपयोग और सिंचाई व्यवस्था का आधुनिकीकरण करना है। योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है।
विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।












