परीक्षा देकर निकले छात्र पर कॉलेज के बाहर हुआ हमला, सिम्स में भर्ती
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साहिल बर्मन सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रहा है। सोमवार को वह कोशलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में आयोजित एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला और अपने साथियों के साथ परीक्षा को लेकर चर्चा कर रहा था।
इसी दौरान उसकी मुलाकात ज्वाली पुल के पीछे रहने वाले समीर नामक युवक से हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान साहिल के साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से चला गया, जबकि साहिल और समीर के बीच बातचीत जारी रही। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर समीर ने अपने पास रखे ब्लेड से साहिल पर हमला कर दिया। ब्लेड के वार से साहिल की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही जांच
सिटी कोतवाली पुलिस ने घायल छात्र के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के पीछे की वजह और दोनों के बीच हुए विवाद की भी जांच की जा रही है।







