हत्या के लिए हमलावरों को तैयार करने का दावा, एक आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार; मुख्य आरोपी समेत दो फरार
बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर श्याम कश्यप की हत्या के लिए हमलावरों को पांच-पांच लाख रुपये का लालच देकर तैयार किया गया था। मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी समेत दो अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी समेत दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच के दौरान पुलिस को हमले की साजिश और आरोपियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे श्याम कश्यप
जानलेवा हमले में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान उनकी एक आंख निकालनी पड़ी, जिससे हमले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

तारबाहर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।








