127 किसानों के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर करीब 1.93 करोड़ रुपये निकालने का आरोप
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में हुए करोड़ों रुपये के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सीतापुर पुलिस ने मामले में शामिल कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी पर अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर किसानों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की राशि निकालने का आरोप है।

प्रारंभिक जांच में सामने आई बड़ी वित्तीय गड़बड़ी
यह मामला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, अंबिकापुर की पेटला शाखा से जुड़ा है। केसीसी ऋण वितरण में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद कराई गई प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से कुल 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये की राशि निकाली गई। मामले में बैंक के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

कई अधिकारी-कर्मचारी जांच के दायरे में
जांच में तत्कालीन प्रभारी शाखा प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह परिहार, सहायक लेखापाल शिवशंकर सोनी, कैशियर ललिता सिन्हा, सामान्य सहायक सुमित कुमार तथा दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी सहित अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। जांच दल ने इन्हें अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार माना है।

डीआईजी और एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में की गई। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। यदि जांच में और लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








