खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 12 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल जब्त
खैरागढ़। खाद और कृषि दवाई की ऑनलाइन सप्लाई का झांसा देकर किसान से 5.40 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला किसी संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

व्हाट्सएप और मोबाइल कॉल के जरिए फंसाया किसान
पुलिस के मुताबिक, ग्राम चिखलदाह निवासी किसान ऋषभ सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृषि कार्य के लिए खाद और कृषि दवाई खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने कुछ मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को खाद एवं कृषि दवाई का सप्लायर बताकर व्हाट्सएप और मोबाइल कॉल के माध्यम से ऑर्डर लिया और भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करा ली।

पैसे लेने के बाद नहीं भेजा सामान
किसान द्वारा कुल 5.40 लाख रुपये जमा कराने के बावजूद न तो खाद और कृषि दवाई की सप्लाई की गई और न ही रकम वापस लौटाई गई। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

उत्तर प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की और उत्तर प्रदेश से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 12 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

संगठित गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले में अन्य आरोपियों, बैंक खातों और लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।









