सुनसान इलाके में फेंका गया शव, हत्या के बाद पहचान छिपाने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
बेमेतरा। जिले के चंदनु थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमा के पास एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव चादर में लिपटा हुआ था और कई हिस्सों में बिखरा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से सुनसान स्थान पर फेंका गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति देखकर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चंदनु थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही महिला की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।









