नौकरी दिलाने के नाम पर ₹25.50 लाख की ठगी, 7 लोग बने शिकार
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को गिरफ्तार किया है जो खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से जुड़ा बताकर बेरोजगार युवकों से नौकरी लगाने के नाम पर मोटी रकम वसूल रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला लता धीवर (36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 05 ने बेरोजगारों को झांसे में लेकर अब तक लगभग ₹25 लाख 50 हजार की ठगी की है।
मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर दिलाती थी नौकरी का भरोसा
आरोपी महिला लोगों को यह कहकर गुमराह करती थी कि उसकी छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से अच्छी पहचान है और वह आसानी से सरकारी नौकरी लगवा सकती है। वह किसी को कृषि विभाग तो किसी को जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने का झांसा देती थी।
हाल ही में तीन पीड़ितों से उसने नौकरी दिलाने के नाम पर करीब ₹5.50 लाख रुपये वसूल लिए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में खुलासा, 7 लोग हुए ठगी का शिकार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने कुल 7 लोगों से ठगी की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश भी की जा रही है।










