सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की अनुशंसा, ओडिशा हाईकोर्ट से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट आएंगे जस्टिस मोहपात्रा
बिलासपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के अलग-अलग हाईकोर्ट में न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों को लेकर महत्वपूर्ण सिफारिश की है। कॉलेजियम ने चार न्यायाधीशों को अलग-अलग हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के पद पर नियुक्त करने की अनुशंसा की है। इसके साथ ही ओडिशा हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों के तबादले की भी सिफारिश की गई है।
जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा का छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तबादला
कॉलेजियम की सिफारिश के मुताबिक जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा का तबादला ओडिशा हाईकोर्ट से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट किया गया है। उनके तबादले से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में एक नए न्यायाधीश की नियुक्ति का रास्ता साफ होगा।
दो महीने में दो जज होंगे रिटायर
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में आने वाले करीब दो महीनों के भीतर चीफ जस्टिस समेत दो न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने की स्थिति है। ऐसे में न्यायाधीशों की संख्या और लंबित मामलों के निपटारे को लेकर यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल एक ही जज के तबादले की सिफारिश
हालांकि, हाईकोर्ट में जल्द ही दो न्यायाधीशों के रिटायर होने के बावजूद कॉलेजियम की मौजूदा सिफारिश में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के लिए फिलहाल केवल एक न्यायाधीश के तबादले की अनुशंसा की गई है। अब आगे होने वाली न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों पर भी नजर रहेगी।







