9 सूत्रीय शिकायत के बाद कलेक्टर ने गठित किया संयुक्त जांच दल
धरमजयगढ़/रायगढ़। रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र स्थित खुली खदान में ठेका कंपनी SKA के खिलाफ मजदूरों की ओर से की गई शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। श्रमिकों ने कंपनी के संबंध में 9 सूत्रीय शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने जांच के लिए संयुक्त जांच दल का गठन किया है।
सिर्फ लात खुली खदान तक सीमित नहीं रहेगी जांच
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक जांच केवल लात खुली खदान तक सीमित नहीं रहेगी। रायगढ़ जिले की अन्य खदानों में कार्यरत ठेका कंपनियों द्वारा श्रम कानूनों के पालन की भी जांच की जाएगी। जांच दल यह भी देखेगा कि श्रमिकों को निर्धारित सुविधाएं और उनके अधिकारों के अनुरूप लाभ मिल रहे हैं या नहीं।
श्रमिकों की शिकायतों की होगी पड़ताल
संयुक्त जांच दल मजदूरों की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायतों की बिंदुवार जांच करेगा। इसके साथ ही खदानों में ठेका कंपनियों द्वारा श्रम नियमों के पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से खदानों में काम करने वाले श्रमिकों के अधिकारों और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।
अन्य खदानों पर भी प्रशासन की नजर
प्रशासन के इस आदेश के बाद रायगढ़ जिले में संचालित अन्य खदानों में काम कर रही ठेका कंपनियां भी जांच के दायरे में आ सकती हैं। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।







