बिलासपुर के बरपाली गांव में पुरानी रंजिश फिर भड़की, महिला-पुरुष समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल
बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरताल भदोरिया खार, बरपाली गांव में जमीन और पानी निकासी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट में महिला और पुरुषों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन और पानी निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोनी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









