बोरतरा गांव में दो परिवारों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरोपी फरार
बेमेतरा। जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत के साथ खत्म हुआ। गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान शिव, रोशन, सोमनाथ और दीपक श्रीवास ने कथित तौर पर ओमप्रकाश प्रजापति पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नामजद आरोपी फरार, पुलिस की दबिश जारी
घटना के बाद सभी नामजद आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हत्या की घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बोरतरा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।








