लखनपुर थाना क्षेत्र में वारदात, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामूली कहासुनी के बाद चचेरे भाई ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जमीन और घर निर्माण को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तिरकेला (ठेपापारा) की है। यहां रहने वाले 26 वर्षीय कामेश्वर मझवार का अपने चचेरे भाई फुटकू मझवार से जमीन और घर निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने 26 जून को हिंसक रूप ले लिया।

मारपीट में गंभीर घायल हुआ युवक
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी फुटकू मझवार ने गुस्से में आकर कामेश्वर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने लात-घूंसों से युवक की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी ही घायल कामेश्वर को एंबुलेंस की मदद से लखनपुर अस्पताल लेकर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने इलाज कराने का भरोसा दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद वह मौके से फरार हो गया।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत
कामेश्वर की हालत लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान 27 जून को उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद लखनपुर थाना पुलिस ने आरोपी फुटकू मझवार के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









