ओड़गी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में तीन दिन से लापता एक व्यक्ति का शव घर के पास स्थित कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना ओड़गी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की है। मृतक की पहचान दयासिंह के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार दयासिंह पिछले तीन दिनों से घर से लापता थे। परिवार के लोग और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

तलाश के दौरान कुएं में मिला शव
जानकारी के मुताबिक सोमवार को परिजन और ग्रामीण दयासिंह की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान घर के पास स्थित कुएं पर उनकी नजर गई। कुएं के अंदर देखने पर एक शव दिखाई दिया, जिसकी पहचान दयासिंह के रूप में की गई।

घटना की जानकारी तुरंत ओड़गी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









