रंगा रेड्डी जिले में सनसनीखेज हत्याकांड, आरोपी ने पत्नी और दो बच्चों समेत तीन अन्य लोगों को उतारा मौत के घाट
रंगा रेड्डी। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शनिवार तड़के हुई छह लोगों की हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह हत्याकांड पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज एक मामले से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

घटना शबाद मंडल के दैवलागुडा गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय राज कुमार के रूप में की है।
पत्नी और बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी और अपने दो नाबालिग बच्चों की हत्या की। इसके बाद उसने उस नाबालिग लड़की को भी निशाना बनाया, जिसने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोप है कि आरोपी ने इसके बाद लड़की की मां और उसकी दादी की भी हत्या कर दी। इस तरह एक ही परिवार और उससे जुड़े लोगों समेत कुल छह लोगों की जान चली गई।

POCSO मामले को लेकर जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के पीछे की पूरी वजह अभी जांच का विषय है। शुरुआती जांच में पॉक्सो मामले को वारदात की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।








