परिजनों का आरोप- हादसे के बाद मारपीट और एक करोड़ रुपये देने का बनाया गया दबाव, कार्रवाई की मांग
दंतेवाड़ा। जिले के बंजारिन घाट में हुए ट्रक और मर्सिडीज कार हादसे के बाद ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू की आत्महत्या का मामला अब विवादों में घिर गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए हादसे में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार मालिक और उसके साथ मौजूद लोगों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
11 मई को हुआ था ट्रक और मर्सिडीज के बीच हादसा
जानकारी के अनुसार, 11 मई को दंतेवाड़ा जिले के बंजारिन घाट क्षेत्र में ट्रक और मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में मर्सिडीज कार को मामूली नुकसान पहुंचा था।

ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू महासमुंद जिले का रहने वाला था और रायपुर के ट्रांसपोर्टर लक्ष्मण गणपत राम कुमावत के स्वराज माजदा वाहन को चला रहा था।

एक करोड़ रुपये की मांग का लगाया आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार मालिक सागर हेमला और उसके साथ मौजूद चार अन्य लोगों ने चालक के साथ मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, कार के नुकसान की भरपाई के नाम पर चालक पर एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार धमकी और मानसिक दबाव के कारण ताम्रध्वज साहू काफी परेशान हो गया था।
सोशल मीडिया पर साझा की थी परेशानी
परिजनों के अनुसार, मानसिक तनाव से गुजर रहे ताम्रध्वज साहू ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक लाइव के जरिए अपनी परेशानी साझा की थी। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








