28 महीने में रकम चार गुना और हर महीने 10-12% रिटर्न का लालच देकर की धोखाधड़ी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
दुर्ग। जिले में शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उतई थाना क्षेत्र में एक ड्राइवर से ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में पुलिस ने तृप्ति साहू नामक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

चार गुना मुनाफे का दिया था लालच
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला खुद को ‘रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी’ की लीडर बताती थी। उसने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि कंपनी में निवेश करने पर 28 महीने में रकम चार गुना हो जाएगी और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत तक रिटर्न मिलेगा। भरोसा जीतने के लिए उसने दावा किया कि इसी कारोबार से उसने घर और कार खरीदी है।

लोन लेकर कराया निवेश
शिकायतकर्ता दीपक कुमार अहिरवार (35), जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात तृप्ति साहू से हुई थी। आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने पहले 5 लाख रुपये नकद निवेश किए। बाद में अधिक मुनाफे के लालच में एक्सिस बैंक से 15 लाख रुपये का लोन लिया और उसमें से 14 लाख रुपये आरोपी के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

रिश्तेदारों से भी कराए निवेश
आरोप है कि तृप्ति साहू ने अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त कमाई का लालच दिया। इसके बाद पीड़ित ने अपने भाई, दोस्त और रिश्तेदारों से भी करीब 4 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में कुछ समय तक रिटर्न दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगी।

बैंक खातों में मिले संदिग्ध लेनदेन
पुलिस जांच में एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने निवेशकों से मिली रकम का निजी उपयोग करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले कंपनी की विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। कम समय में कई गुना मुनाफा या अत्यधिक रिटर्न का दावा करने वाली योजनाओं से सतर्क रहें। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच जारी है।








