टिकरापारा के AU स्माल फाइनेंस बैंक ATM से करीब 3200 बार निकाले गए 10-10 हजार रुपये, CCTV और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड जांच एजेंसी ने लिए कब्जे में

धमतरी। विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की जांच अब धमतरी जिले तक पहुंच गई है। करीब 90 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही एजेंसियों को अब टिकरापारा स्थित एक एटीएम से करोड़ों रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। मामले में जांच एजेंसी SIA ने जांच तेज कर दी है।

विदेशी डेबिट कार्ड से हुई करोड़ों की निकासी
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा स्थित AU स्माल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 3.20 करोड़ रुपये निकाले गए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लगभग 3200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई। इस तरह कुल रकम करीब 3.20 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।

चर्च के पास स्थित ATM जांच के दायरे में
बताया जा रहा है कि यह एटीएम सुन्दरगंज चर्च से महज 15 से 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। संदिग्ध लेनदेन का मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसी ने एटीएम को अपने रडार पर लिया है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल किसने किया और निकाली गई रकम का आगे कहां उपयोग किया गया।

CCTV फुटेज और बैंक रिकॉर्ड कब्जे में
जांच के दौरान SIA ने संबंधित बैंक से ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और एटीएम के CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। एजेंसी संदिग्ध लेनदेन से जुड़े लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस मामले में आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









