पड़ोसियों से विवाद की शिकायत लेकर पहुंचा था थाने, पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं माना
बलौदा बाजार। जिले के लवन थाना परिसर के सामने एक युवक ने नशे की हालत में तीन छोटे-छोटे बच्चों को साथ लेकर नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उसने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
112 की टीम युवक को लेकर पहुंची थी थाने
जानकारी के अनुसार ग्राम जुड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम युवक को लवन थाना लेकर पहुंची। युवक पड़ोसियों से हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराने आया था, लेकिन वह अत्यधिक नशे की हालत में था।
पुलिस की सलाह से नाराज होकर हाईवे पर खड़ा हो गया
पुलिस ने युवक को पहले बच्चों को सुरक्षित घर छोड़ने और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इससे नाराज होकर युवक तीनों मासूम बच्चों को लेकर थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गया और वाहनों के सामने खड़े होकर हंगामा करने लगा।
कुछ देर के लिए लगा जाम, पुलिस ने संभाला मामला
युवक के हंगामे के कारण हाईवे के एक हिस्से में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।








