अधूरे पुल की जानकारी नहीं होने से हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-उरगा निर्माणाधीन सड़क पर ढेंका के पास एक तेज रफ्तार कार अधूरे पुल से करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG13 AS 9262 में सवार युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। हादसा अरपा नदी के पास निर्माणाधीन पुल पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को सड़क निर्माण कार्य और अधूरे पुल की स्थिति की जानकारी नहीं थी।

अधूरे पुल से हवा में उछली कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अभी पूरा नहीं हुआ है और आगे की सड़क आपस में नहीं जुड़ी है। तेज रफ्तार कार सीधे उसी दिशा में बढ़ गई। आगे रास्ता समाप्त होने के कारण वाहन पुल से हवा में उछलते हुए लगभग 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग
कार गिरने के बाद उसमें फंसे युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की भी जांच कर रही है। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।









