सरपंच, पंचायत सचिव और पंच के पति पर कार्रवाई, निजी खाते में राशि ट्रांसफर करने का आरोप
रायपुर/कोरिया। कोरिया जिले के जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत टेंगनी में शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग के मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत के मूलभूत मद की 1.50 लाख रुपये की राशि के कथित गबन के मामले में EOW ने सरपंच, पंचायत सचिव और पंच के पति के खिलाफ विशेष न्यायालय बैकुंठपुर में अभियोग-पत्र यानी चालान पेश किया है।
शेड निर्माण के नाम पर हुआ भुगतान
मामला ग्राम पंचायत टेंगनी में शेड निर्माण के लिए सामग्री खरीद और भुगतान से जुड़ा है। जांच में आरोप सामने आया कि निर्माण कार्य के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना शासकीय राशि का भुगतान पंच के पति के निजी बैंक खाते में कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शेड निर्माण के लिए सामग्री खरीदी के नाम पर पंच कसीदन बीबी के पति मो. इसराइल खान के निजी बैंक खाते में 1.50 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई थी।
मजदूरी का भी किया गया था भुगतान
EOW की जांच में यह बात भी सामने आई कि मो. इसराइल खान उसी शेड निर्माण कार्य में अकुशल श्रमिक के रूप में काम कर चुका था। उसके नाम मस्टर रोल के माध्यम से मजदूरी का भुगतान भी किया गया था।
जांच एजेंसी ने शासकीय राशि के भुगतान की प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में सरपंच, पंचायत सचिव और पंच के पति की भूमिका को लेकर कार्रवाई की।
विशेष न्यायालय में पेश किया अभियोग-पत्र
EOW ने जांच पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायालय, बैकुंठपुर में अभियोग-पत्र पेश किया है। अब मामले में न्यायालय के समक्ष आगे की कानूनी प्रक्रिया होगी।
EOW की इस कार्रवाई को पंचायत स्तर पर शासकीय राशि के उपयोग में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।








