रिश्तेदारी में गया था परिवार, लौटने पर टूटा मिला ताला; पुलिस ने शुरू की जांच
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक के घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है।

रिश्तेदारी जाने का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब प्रधान पाठक का पूरा परिवार रिश्तेदारी में सक्ती जिले गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए।

लौटने पर सामने आई वारदात
परिवार के घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर गायब मिले, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
यह घटना रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश के साथ घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।









