गरियाबंद के मैनपुर में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, खासरपारा-टेकनपारा मार्ग पर जलभराव
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में सामान्य से 7% कम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि इसे सामान्य श्रेणी में रखा गया है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
कच्ची सड़कें बनीं तालाब
इधर, गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खासरपारा में लगातार बारिश ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के बाद गांव की कच्ची सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं और कई जगहों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।
कमरभर पानी पार कर स्कूल जा रहे बच्चे
खासरपारा से टेकनपारा के बीच सड़क पर जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना कमरभर पानी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। पानी का बहाव और सड़क की खराब स्थिति बच्चों के लिए खतरा बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को जान जोखिम में डालकर यह रास्ता पार करना पड़ रहा है।
सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था की मांग
लगातार बारिश के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जल्द जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
सवाल यह है कि बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और इस बदहाल रास्ते का स्थायी समाधान कब होगा?







